चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को ‘सतर्क–हरियाणा’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया। इस ऐप के जरिए नागरिक मोबाइल से राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) को भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत और सूचना दे सकेंगे।
ऐप में SV&ACB हेल्पलाइन से सीधे जुड़ने, वीडियो, ऑडियो, फोटो या अन्य डिजिटल साक्ष्य अपलोड करने की सुविधा दी गई है। नागरिकों को संबंधित जिले के ACB अधिकारी का नाम, मोबाइल नंबर और कार्यालय का स्थान भी ऐप के माध्यम से मिल सकेगा।
ऐप में हरियाणा के सभी 23 जिलों को जोड़ा गया है। किसी दूसरे जिले में शिकायत या सूचना देने के लिए संबंधित जिला चुनकर वहां के अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। Google लोकेशन के जरिए कार्यालय तक पहुंचने के लिए दिशा-निर्देश भी मिलेंगे।
यदि कोई नागरिक भ्रष्टाचार से जुड़ी जानकारी साझा करना चाहता है, लेकिन तत्काल किसी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहता, तो वह जानकारी भी ऐप के जरिए दी जा सकेगी। अधिकारियों के अनुसार ऐसी जानकारी की गोपनीयता बनाए रखी जाएगी और इसे डिजिटल डेटाबेस के रूप में सुरक्षित किया जाएगा।
यदि किसी नागरिक को SV&ACB के अधिकारी या कर्मचारी के अनुचित व्यवहार को लेकर शिकायत करनी है, तो ऐप में वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने की सुविधा भी दी गई है। इसके तहत संबंधित पुलिस अधीक्षक (SP) का नाम, मोबाइल नंबर, कार्यालय का स्थान और वहां पहुंचने की दिशा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नियमों के अनुसार ऐप पर उपलब्ध कराई गई FIR की प्रतियां भी नागरिक डाउनलोड कर सकेंगे। फिलहाल यह ऐप Google Play Store पर ‘Satarak Haryana’ नाम से उपलब्ध है। उपयोग और परिणामों के आधार पर इसे जल्द Apple App Store पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

सरकारी स्कूलों में जापानी और कोरियाई भाषा की होगी शुरुआत
कुरुक्षेत्र के कनिपला गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सेवा संकल्प अभियान एवं निपुण पेंटिंग प्रदर्शनी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में फ्रेंच भाषा की पढ़ाई शुरू की गई है। जर्मन भाषा के लिए समझौता हो चुका है, जबकि जापानी और कोरियाई भाषाओं को भी चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश पूरी दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है और विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करना जरूरी है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गीता मर्मज्ञ स्वामी ज्ञानानंद महाराज और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा की मौजूदगी में माधव ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने स्कूल में सोलर पैनल लगाने के लिए 11 लाख रुपये और कनिपला गांव में विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये की ग्रांट देने की घोषणा की।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
0 लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी
