यमुनानगर में दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 20 क्विंटल संदिग्ध पनीर से भरी पिकअप गाड़ी पकड़ी है। शनिवार सुबह करीब 5 बजे आजाद नगर के नजदीक दशमेश कॉलोनी में यह कार्रवाई की गई। पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं, जबकि पूरी खेप को पश्चिमी यमुना नहर के किनारे गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, पनीर की यह खेप कैथल जिले के कलायत से यमुनानगर लाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप चालक सोनू कुमार को हिरासत में लिया है। चालक के अनुसार, वह 500 रुपये दिहाड़ी पर पनीर लेकर आया था और उसे इसकी गुणवत्ता संदिग्ध होने की जानकारी नहीं थी।
200 से 250 रुपये किलो के भाव से होती थी सप्लाई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पनीर कम कीमत पर खरीदकर बाजार में करीब 200 से 250 रुपये प्रति किलो के भाव से सप्लाई किया जाता था। हालांकि, पनीर मिलावटी था या उसकी गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी, इसकी पुष्टि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग को पिछले कई दिनों से दशमेश कॉलोनी में भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर पहुंचने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद विभाग ने जानकारी जुटाई और पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की।
सप्लाई सेंटर के संचालक की तलाश
जिस केंद्र से पनीर की सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है, वह दीपक कुमार के नाम पर बताया जा रहा है। कार्रवाई के समय दीपक मौके पर नहीं मिला। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें उसकी तलाश कर रही हैं।
जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पनीर कहां तैयार किया जाता था और यमुनानगर में किन दुकानों या कारोबारियों तक इसकी सप्लाई होती थी। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि सप्लाई केवल एक केंद्र तक सीमित थी या शहर के अन्य बाजारों में भी पनीर पहुंचाया जा रहा था।
गांधीनगर में भी बरामद हुआ था पनीर
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गुलाब सिंह के मुताबिक, पिछले सप्ताह गांधीनगर क्षेत्र के एक मकान से भी भारी मात्रा में पनीर बरामद किया गया था। उस कार्रवाई के बाद से विभाग संदिग्ध पनीर की सप्लाई पर नजर रख रहा था। हालांकि, दोनों मामलों के बीच सीधे संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच इतनी बड़ी मात्रा में संदिग्ध पनीर मिलने से उसकी गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री या सप्लाई की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
0 लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी
