अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए ईरान को लेकर नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। इसमें अमेरिकी नागरिकों से किसी भी वजह से ईरान की यात्रा नहीं करने और जो लोग पहले से ईरान में मौजूद हैं, उन्हें तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी गई है।

अमेरिकी वर्चुअल दूतावास की ओर से जारी सुरक्षा अलर्ट में कहा गया कि पश्चिम एशिया में सुरक्षा की स्थिति जटिल बनी हुई है और हालात और बिगड़ने का खतरा है। यात्रियों को उड़ानें रद्द होने, एयरस्पेस बंद होने और अन्य यात्रा संबंधी परेशानियों के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
एडवाइजरी में साफ कहा गया, “किसी भी वजह से ईरान की यात्रा न करें। अमेरिकी नागरिकों को अभी ईरान छोड़ देना चाहिए।”
अमेरिकी मिशन ने ईरान में मौजूद नागरिकों से बेहद सतर्क रहने और एयरपोर्ट, एयरलाइन तथा बॉर्डर क्रॉसिंग से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखने को कहा है।
एडवाइजरी में यह भी बताया गया है कि ईरान की जमीनी सीमाओं पर नियम बिना पूर्व सूचना के बदल सकते हैं। ऐसे में यात्रियों को जिस देश में जाने की योजना है, वहां प्रवेश से जुड़ी आवश्यकताओं की पहले जांच करने की सलाह दी गई है।
अमेरिका ने ईरान समर्थित हूती बलों की गतिविधियों का भी जिक्र किया है और सऊदी अरब में हुए उनके हमलों को लेकर क्षेत्रीय सुरक्षा जोखिमों की ओर ध्यान दिलाया है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
0 लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी
