चंडीगढ़। हरियाणा के बाजरा किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रदेश सरकार इस बार भावांतर भरपाई योजना के तहत बाजरा उत्पादक किसानों को 2900 रुपये प्रति क्विंटल तक का भाव सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाजरा और धान खरीद की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को खरीद व्यवस्था को लेकर जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
सरकार की ओर से बाजरे की खरीद 2300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। अगर किसानों को खुले बाजार में इससे अधिक कीमत मिलती है तो वे अपनी फसल बाजार में बेच सकेंगे। इसके बाद निर्धारित नियमों के अनुसार बाजार भाव और तय राशि के बीच के अंतर की भरपाई सरकार की ओर से की जाएगी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को उनकी बाजरा फसल का 2900 रुपये प्रति क्विंटल तक का भाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही खरीद प्रक्रिया में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा गया है।
सरकार के इस फैसले से बाजरा उत्पादक किसानों को बाजार भाव कम रहने की स्थिति में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। भावांतर भरपाई योजना के जरिए किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में सरकार ने यह व्यवस्था की है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
0 लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी
