फतेहाबाद पुलिस की चेतावनी: SIP के नाम पर ऑनलाइन ठगी से रहें सावधान, एसपी निकिता खट्टर ने जारी की एडवाइजरी
फतेहाबाद, 07 अप्रैल — फतेहाबाद पुलिस ने SIP (Systematic Investment Plan) के नाम पर बढ़ रही साइबर ठगी को लेकर आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमति निकिता खट्टर, आईपीएस ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी निवेश योजनाओं के माध्यम से लोगों को ऊंचे मुनाफे का लालच देकर ठगी कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ठग फर्जी निवेश ऐप, वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से संपर्क कर कम समय में अधिक रिटर्न का लालच देते हैं। कई मामलों में अपराधी नकली कंपनी या एजेंट बनकर पहले छोटे-छोटे रिटर्न दिखाते हैं, जिससे लोगों का भरोसा जीतकर उनसे बड़ी रकम निवेश करवा लेते हैं।
उन्होंने बताया कि जैसे ही निवेशक अधिक पैसा लगाता है, ठग ऐप या वेबसाइट बंद कर देते हैं और संपर्क तोड़ देते हैं। कुछ मामलों में निवेशकों को नकली डैशबोर्ड दिखाकर फर्जी मुनाफा भी दर्शाया जाता है, जिससे वे लगातार निवेश करते रहते हैं।
एसपी निकिता खट्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी निवेश योजना में “गारंटीड रिटर्न” का दावा धोखाधड़ी का संकेत हो सकता है। उन्होंने लोगों से केवल अधिकृत और प्रमाणित संस्थाओं के माध्यम से ही निवेश करने की अपील की है।
फतेहाबाद पुलिस की मुख्य सावधानियां
▪️ केवल SEBI से पंजीकृत कंपनियों या एजेंट्स के माध्यम से ही निवेश करें
▪️ अनजान ऐप, लिंक या वेबसाइट से निवेश करने से बचें
▪️ सोशल मीडिया या व्हाट्सएप/टेलीग्राम ग्रुप के निवेश ऑफर पर भरोसा न करें
▪️ “गारंटीड रिटर्न” या ज्यादा मुनाफे के दावों से सतर्क रहें
▪️ निवेश से पहले कंपनी की वैधता जरूर जांचें
▪️ बैंक डिटेल, OTP, PIN या पासवर्ड किसी से साझा न करें
ठगी के संकेत
▪️ कम समय में ज्यादा मुनाफे का वादा
▪️ बार-बार निवेश के लिए दबाव बनाना
▪️ नकली ऐप में फर्जी लाभ दिखाना
▪️ अचानक संपर्क बंद हो जाना
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि किसी को साइबर ठगी का संदेह हो या वह इसका शिकार हो जाए तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही नजदीकी थाना या साइबर सेल को भी सूचना दें।
पुलिस अधीक्षक श्रीमति निकिता खट्टर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि बिना जांच-पड़ताल के किसी भी निवेश योजना में पैसा न लगाएं। सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
