कुरुक्षेत्र: हरियाणा के धान किसानों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश की मंडियों में धान की सरकारी खरीद आज यानी 29 सितंबर से शुरू हो रही है। केंद्र सरकार ने हरियाणा सरकार के आग्रह को स्वीकार करते हुए खरीद की निर्धारित तारीख 1 अक्टूबर से घटाकर 29 सितंबर कर दी है। इससे मंडियों में पहले से पड़े लाखों क्विंटल धान की खरीद और उठान का रास्ता साफ हो गया है।
दरअसल, धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने 22 सितंबर को शाहाबाद में प्रदर्शन किया था। किसानों की मांग को देखते हुए प्रदेश सरकार ने 23 सितंबर को केंद्र सरकार को पत्र भेजकर खरीद की तारीख आगे करने का अनुरोध किया था।
इसके बाद केंद्र सरकार ने हरियाणा में 29 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू करने की मंजूरी दे दी। केंद्र की ओर से जारी पत्र में 1 अक्टूबर की बजाय दो दिन पहले खरीद शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाकियू के आंदोलन के बाद बदली खरीद की तारीख
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश बैंस ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रदेश सरकार के आग्रह को स्वीकार करते हुए धान की सरकारी खरीद दो दिन पहले शुरू करने की अनुमति दी है। इससे मंडियों में लंबे समय से पड़े धान के उठान में भी तेजी आने की उम्मीद है।
सरकारी खरीद शुरू होने से उन किसानों को राहत मिलेगी, जिनकी फसल मंडियों में पहुंच चुकी है और वे सरकारी खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।
15 नवंबर तक चलेगा धान खरीद का सीजन
खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के तहत धान की सरकारी खरीद 29 सितंबर से शुरू होकर 15 नवंबर तक चलेगी। प्रदेश में धान खरीद की जिम्मेदारी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कारपोरेशन को सौंपी गई है।
तीनों एजेंसियां निर्धारित व्यवस्था के अनुसार मंडियों में धान की खरीद करेंगी। खरीद शुरू होने के साथ ही मंडियों में जमा धान के उठान की प्रक्रिया में भी तेजी आने की संभावना है।
इस फैसले से प्रदेश की मंडियों में बढ़ते धान के स्टॉक को कम करने और किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
0 लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी
