जींद पुलिस लाइन में एडीजीपी के.के. राव ने मादक पदार्थ मालखाने का किया औचक निरीक्षण
जींद, 16 सितंबर —
हिसार रेंज के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) श्री के.के. राव भा.पु.से. ने सोमवार को जींद पुलिस लाइन स्थित मादक द्रव एवं नशीले पदार्थों के मालखाने का विशेष औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों का वजन करवा कर उनकी विस्तृत जांच की और संबंधित अभिलेखों की बारीकी से पड़ताल की।
एडीजीपी राव ने निरीक्षण के दौरान कहा कि पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मालखाने की सुरक्षा, प्रबंधन और रिकॉर्ड की शुद्धता बनाए रखने को लेकर सख्त निर्देश दिए।
इस मौके पर जींद के पुलिस अधीक्षक श्री कुलदीप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सिंह, उप पुलिस अधीक्षक जींद श्री संदीप कुमार और डीएसपी नरवाना श्री कमलदीप राणा भी मौजूद रहे।
जींद पुलिस का कहना है कि वह जब्त की गई आपराधिक सामग्रियों और मादक पदार्थों के प्रबंधन को पूर्णतः सुरक्षित, पारदर्शी और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप बनाए रखने के लिए कटिबद्ध है।
