डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर फिर कसता शिकंजा
पंचकूला:
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम से जुड़े साधुओं को नपुंसक बनाने के बहुचर्चित मामले में पंचकूला स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। अदालत ने इस केस के मुख्य शिकायतकर्ता और व्हिसलब्लोअर हंस राज चौहान उर्फ हकीकी हंस की गवाही के लिए 8 और 9 जनवरी 2026 की तारीख तय की है।
गवाह वर्तमान में सुरक्षा कारणों से अमेरिका में रह रहे हैं, ऐसे में अदालत पहली बार सीधे अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गवाही और जिरह दर्ज करेगी। समय के अंतर को ध्यान में रखते हुए कोर्ट शाम के समय विशेष सुनवाई करेगी। इसके लिए भारतीय दूतावास की सहायता ली जाएगी।

यह मामला वर्ष 2015 में दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप है कि राम रहीम ने डॉक्टरों की मदद से सैकड़ों साधुओं को कथित रूप से नपुंसक बनवाया। इस केस में राम रहीम के साथ दो डॉक्टर भी आरोपी हैं।
गौरतलब है कि राम रहीम इस समय 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर है, जबकि वह पहले से ही बलात्कार और हत्या के मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
