जींद डिपो ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाई, वाया 152-डी चंडीगढ़ के लिए एक और बस शुरू
जींद से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए जींद डिपो ने वाया 152-डी मार्ग से चंडीगढ़ के लिए एक और बस का संचालन शुरू कर दिया है। यह बस प्रतिदिन सुबह 7 बजकर 50 मिनट पर जींद से रवाना होगी। इसके साथ ही अब इस रूट पर जींद से चंडीगढ़ के लिए कुल तीन बसें चलने लगी हैं।
जानकारी के अनुसार इससे पहले वाया 152-डी मार्ग से सुबह 6 बजकर 40 मिनट और 7 बजकर 20 मिनट पर बसें संचालित की जा रही थीं। सुबह 6:40 बजे चलने वाली बस एसी है, जिसमें यात्रियों को 340 रुपये किराया देना होता है। वहीं साधारण रोडवेज बस का किराया वाया 152-डी मार्ग से लगभग 240 रुपये है। दूसरी ओर वाया कैथल और अंबाला होकर चंडीगढ़ जाने पर यात्रियों को 245 रुपये किराया देना पड़ता है।
वाया 152-डी मार्ग से चलने वाली बस जामनी और अंबाला होते हुए चंडीगढ़ पहुंचती है। इस रूट से जींद से चंडीगढ़ का सफर लगभग सवा तीन घंटे में पूरा हो जाता है, जबकि वाया कैथल, पिहोवा और अंबाला होकर जाने पर यात्रियों को करीब साढ़े चार घंटे का समय लग जाता है। कम समय और कम किराए के कारण यह रूट यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक साबित हो रहा है।
गौरतलब है कि जींद से बड़ी संख्या में लोग चंडीगढ़ में विभिन्न सरकारी और निजी संस्थानों में कार्यरत हैं। इसके अलावा विद्यार्थी चंडीगढ़ विश्वविद्यालय और अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययन करते हैं। साप्ताहिक अवकाश के बाद सोमवार को चंडीगढ़ लौटने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहती है, जिस कारण बसों में भारी भीड़ देखी जाती है।

जींद डिपो के डीआई सुनील पूनिया ने बताया कि यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए वाया 152-डी मार्ग से सुबह 7:50 बजे एक नई बस शुरू की गई है। इससे पहले इस रूट पर दो बसें संचालित हो रही थीं, जिनमें से एक एसी बस है। नई बस के शुरू होने से यात्रियों को कम समय में चंडीगढ़ पहुंचने की सुविधा मिलेगी और भीड़ का दबाव भी कम होगा।
